चांदनी चौक जल्द ही राष्ट्रीय राजधानी का ऐसा पहला स्थान बनने वाला है जहां प्रतिदिन सुबह नौ बजे से रात के नौ बजे तक केवल पैदल चलने वालों, साइकिल रिक्शों और ई-रिक्शों को ही चलने की इजाजत होगी। चांदनी चौक जल्द ही नो व्हीकल जोन बन जाएगा।
दरअसल शहर में यातायात और परिवहन और इंजीनियरिंग मामले देखने वाली संस्था एकीकृत यातायात और परिवहन बुनियादी केंद्र (UTTIPEC) की हालिया बैठक में यह निर्णय लिया गया है। इस प्रस्ताव को दिल्ली सरकार की सहमति के लिए भेजा गया है। हालांकि यह प्रस्ताव कब से अमल में लाया जाएगा इसके बारे में कोई तारीख तय नहीं की गई है।
अगर दिल्ली सरकार इसपर सहमत हो जाती है तो दिल्लीवालों को ही नहीं राज्य के बाहर से आने वाले लोगों को भी इससे राहत मिलेगी। क्योंकि चांदनी चौक में देशभर से लोग खरीदारी करने आते हैं। वहीं चांदनी चौक में रहने वाले लोगों ने इसपर मिली जुली प्रतिक्रिया दी।
इस इलाके में 20 साल से दुकान चलाने वाले सुरेश खन्ना कहते हैं कि वो दिल्ली के एक दूसरे हिस्से से यहां पर आते हैं तो अगर वो गाड़ी नहीं लाएंगे तो कैसे आ पाएंगे और अगर गाड़ी लाएंगे तो कहां पार्क करेंगे। यहीं के गुरुद्वारा में लंगर चलाने वाले बलवंत सिंह कहते हैं कि सरकार का ये क़दम अच्छा है। हम इसका स्वागत करते हैं। कम से कम यहां पर गाड़ियों की जो भीड़ है वो हट जाएगी।
देखा जाए तो लोग तो इस प्रस्ताव से सहमत हैं। लेकिन इसके साथ ही लोगों का कहना है कि बाज़ार में पार्किंग स्पॉट भी बनाए जाना चाहिए।
from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) https://ift.tt/2LFZIKm
No comments:
Post a Comment