Thursday, August 30, 2018

नोटबंदी पर RBI की रिपोर्ट: शिवसेना ने एनडीए को घेरा

नोटबंदी पर आरबीआई की रिपोर्ट के बाद विपक्ष के निशाने पर एनडीए सरकार है। शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत ने कहा कि अब तो ये साफ है कि ये एक बड़ा अपराध था। इसके साथ ही कांग्रेस ने जेपीसी पर बीजेपी पर निशाना साधा।  नोटबंदी के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर विपक्ष शुरू से हमलावर थी। बुधवार को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया द्वारा इस मामले में जारी रिपोर्ट के बाद विपक्ष के साथ एनडीए के घटक दलों में से एक शिवसेना ने करारा निशाना साधा है। पार्टी के प्रवक्ता संजय राउत ने कहा कि सरकार अब इस तथ्य को कैसे नकार सकती है नोटबंदी से देश को नुकसान नहीं हुआ।

संजय राउत ने कहा कि आरबीआई की रिपोर्ट से गहरा धक्का लगा है। नोटबंदी के दौरान सैकड़ों की संख्या में लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। यह एक बड़ा अपराध है। शिवसेना की मांग है कि आरबीआई की रिपोर्ट पर संसद में बहस करायी जाए।

जेपीसी की रिपोर्ट पर कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने कहा कि जो लोग इस कमेटी की रिपोर्ट पर संसद की कार्यवाही स्थगित कर देते थे आज वो लोग जेपीसी का मजाक बना रहे हैं। ऐसा लगता है कि न केवल उन लोगों की स्मृति कमजोर हो चुकी है, बल्कि वो संसद का अपमान भी कर रहे हैं। उन लोगों को जानना चाहिए कि संवैधानिक प्रावधानों के तहत जेपीसी का गठन कर घोटालों की जांच कराई जाती है।

बता दें कि आरबीआई ने बुधवार को जारी रिपोर्ट में बताया था कि बैंकिंग सिस्टम में 99.3 फीसद 500 और 1000 के अवैध नोट वापस आ चुके हैं। इस रिपोर्ट के बाद विपक्षी दल सरकार से पूछ रहे हैं कि जिस मकसद से नोटबंदी की गई वो तो हासिल नहीं हुई। केंद्र सरकार ने लाखों लोगों को कतारों में खड़ा कर दिया। इस संबंध में जेपीसी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि इस फैसले से असंगठित क्षेत्र को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। देश की जीडीपी में करीब एक फीसद की गिरावट दर्ज की गई।



from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) https://ift.tt/2MHmaZi

No comments:

Post a Comment