Wednesday, January 30, 2019

पेंशन के लिए निकाला मशाल जुलूस, अब होगी हड़ताल

बांदा : पुरानी पेंशन को बहाल कराने के लिए पुरानी पेंशन बहाली मंच के बैनर तले जोरदार तरीके से संघर्ष किया जा रहा है। सोमवार की शाम को हजारों की संख्या में शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने विकास भवन से कलेक्ट्रेट तक मशाल जुलूस निकाला। इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया। पुरानी पेंशन बहाली मंच ने ऐलान किया है कि अगर पुरानी पेंशन को बहाल नहीं किया जाता तो आगामी 6 फरवरी से पूर्ण हड़ताल की जाएगी।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार की शाम को पुरानी पेंशन बहाली मंच के जिलाध्यक्ष आशुतोष त्रिपाठी संयोजक राजकुमार श्रीवासतव के नेतृत्व में विकास भवन परिसर से कलेक्ट्रेट परिसर तक हजारों की संख्या में शिक्षकों और कर्मचारी हाथ में जलती हुई मशाल लेकर पैदल पहुंचे। जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार का कोई हंगामा नहीं किया गया।

शांतिपूर्ण तरीके से नारेबाजी करते हुए जुलूस कलेक्ट्रेट पहुंचा। कलेक्ट्रेट में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया। मशाल जुलूस के बाद अब मंच ने 6 फरवरी से पूर्ण हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है। कहा कि यदि पुरानी पेंशन को बहाल नहीं किया जाता है तो राज्य के समस्त कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी पूर्ण हड़ताल करेंगे।

मशाल जुलूस का आयोजन मंच द्वारा पूरे उत्तर प्रदेश में किया गया। कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी पुरानी पेंशन बहाली मंच के प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर होने वाली बोर्ड परीक्षाओं का भी बहिष्कार किया जाएगा। जुलूस में समस्त संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। इनमें उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, ग्राम विकास अधिकारी संघ, ग्राम पंचायत अधिकारी संघ, आईटीआई संघ, जूनियर हाईस्कूल संघष, विकास भवन कर्मचारी संघ, राजस्व संग्रह अमीन संघ, डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ, राजकीय वाहन चालक संघ, मिनिस्ट्रियल कर्मचारी संघ स्वास्थ्य, उत्तर प्रदेश चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ सहित अनेक संगठनों के सैकड़ों कर्मचारी शामिल रहे।

मुख्य रूप से प्रजीत सिंह, मइयादीन यादव के साथ पुरानी पेंशन बहाली मंच तहसील सदर के भुवनेंद्र यादव, रामकृष्ण त्रिपाठी तहसील बबेरू से जोगेंद्र सिंह, आशुतोष गौतम, शिवकरन तिवारी, सरदार खां, तहसील अतर्रा के केपी सिंह, चंद्रशेखर त्रिपाठी, राजेश द्विवेदी तहसील नरैनी से विनय प्रताप सिंह, रामसनेही व तहसील पैलानी से राजवीर सिंह, हरवंश रीवासतव, उदयवीर सिंह, व हरीश कश्यप, शिवरतन प्रजापति, जयकिशोर दीक्षित, सुनील वर्मा, नरेंद्र सोनी, राजेश द्विवेदी, राजेश तिवारी, संतोष सविता, राजेश यादव, रामराज, इंद्रजीत निषाद, नसीम मौलाना, सुधीर श्रीमाली, सुघर सिंह आदि मौजूद रहे।

– के.एस.दुबे



from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) http://bit.ly/2MDEbnZ

No comments:

Post a Comment