Wednesday, January 30, 2019

किसानों को पेंशन देने के मुद्दे पर ड्राफ्ट तैयार : बराला

चंडीगढ़ : हरियाणा के टोहाना से विधायक श्री सुभाष बराला ने बताया कि किसान को पेंशन देने के मुद्दे पर गठित समिति द्वारा ड्राफ्ट तैयार कर लिया गया है और शेष पहलुओं पर चर्चा कर समिति शीघ्र ही अपनी रिपोर्ट बना कर हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल को सौंपेगी। यह जानकारी श्री सुभाष बराला ने आज यहां किसान को पेंशन देने के मुद्दे पर हरियाणा सरकार द्वारा गठित कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करने के दौरान दी।

श्री बराला ने बताया कि कमेटी जल्द ही सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंप देगी, ताकि सरकार आगे की प्रक्रिया शुरू कर सके। इस कमेटी में विधायक अभय सिंह यादव, विधायक महिपाल ढांडा, विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, विधायक पवन सैनी और कृषि विभाग के महानिदेशक अजीत बालाजी जोशी ने सदस्य के तौर पर शिरकत की।

श्री बराला ने बताया कि समिति सभी प्रकार की बारीकियों पर चर्चा कर रही है तथा अगली बैठक में समिति के सदस्यों के अलावा कृषि वैज्ञानिक, प्रगतिशील महिला किसान और महिला वैज्ञानिकों से भी उनकी राय ली जाएगी जिससे इस योजना को एक सार्थक योजना का रूप मिलेगा।

उन्होंने बताया कि अगली बैठक कर समिति रिपोर्ट को अंतिम रूप देकर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। श्री बराला ने बताया कि संबंधित विभागों से डाटा प्राप्त हो गया है और डाटा के आधार पर कमेटी ने ड्राफ्ट तैयार कर लिया है। अगली बैठक में वितरण प्रणाली जैसे विषयों पर अंतिम निर्णय लेकर समिति द्वारा बहुत जल्द रिपोर्ट को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।

(आहूजा)



from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) http://bit.ly/2DIo85u

No comments:

Post a Comment