Thursday, November 1, 2018

राहुलगांधी से बृहस्पतिवार को मिलेंगे चन्द्रबाबू नायडू : तेदेपा सूत्र 

नई दिल्ली : तेदेपा सुप्रीमो और आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चन्द्रबाबू नायडू बृहस्पतिवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलेंगे। सूत्रों ने यह जानकारी दी। गौरतलब है कि नायडू अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा से लोहा लेने के लिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश में हैं।

तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के सूत्रों ने बताया कि नायडू आज दोपहर करीब साढ़े तीन बजे राहुल गांधी से उनके निवास पर मिलेंगे। दोनों के बीच तेलंगाना में सात दिसंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए गठबंधन पर भी चर्चा होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत हो रही है।

कभी भाजपा के सहयोगी रहे नायडू ने आंध्रप्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा नहीं दिए जाने से नाराज होकर इस साल की शुरूआत में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का साथ छोड़ दिया था। नायडू ने 27 अक्टूबर को दिल्ली में बसपा प्रमुख मायावती, नेशनल कांफ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला और भाजपा के पूर्व नेता यशवंत सिन्हा से भी मुलाकात की थी।



from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) https://ift.tt/2zjlsaR

No comments:

Post a Comment