Tuesday, October 30, 2018

LoC पार पाक सेना के ठिकानों पर भारतीय सेना का हमला, कई आतंकी कैप ध्वस्त

भारतीय सेना ने एलओसी पार पीओके के हजिरा क्षेत्र में स्थित पाकिस्तानी सेना के प्रशासनिक मुख्यालय को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की। खुफिया सूत्रों के मुताबिक इस हमले में पीओके स्थित 2-3 आतंकी कैंप भी ध्वस्त हो गए। बता दें, 23 अक्टूबर को पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना की 93 इंफेंट्री ब्रिगेड हेडक्वार्टर पर गोलीबारी की थी। बताया जा रहा है कि यह भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई थी।

सूत्रों के अनुसार, भारतीय सेना ने पीओके (POK) स्थित आतंकियों के लॉन्चिंग पैड को भी निशाना बनाया है। सेना के इस हमले में आतंकियों के कई लॉन्चिंग पैड भी तबाह हो गए।

भारतीय सेना के इस हमले के बाद पुंछ जिले से सटे गांव में मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि उन्होंने उस जगह पर उठ रहे धुएं को देखा है। भारत ने पाकिस्तान पर ऐसा हमला साल 2016 में हुए सर्जिकल स्ट्राइक के बाद किया है। सेना ने उड़ी में आतंकियों द्वारा किए गए हमले का जवाब सर्जिकल स्ट्राइक के रूप में दिया था। बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सेना के एक शिविर में मंगलवार (23 अक्टूबर) को एक विस्फोट हुआ था। विस्फोट में हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं थी। सीमा से सटे इस जिले के मोती महल में यह विस्फोट सेना की 93वीं ब्रिगेड में सुबह 10 बजकर करीब 45 मिनट पर हुआ था।

देखें वीडियो…

इससे पहले भारतीय थलसेना ने पाकिस्तानी थलसेना से कहा था कि वह रविवार (22 अक्टूबर) को जम्मू के सुंदरबनी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास हुई मुठभेड़ में मारे गए दो पाकिस्तानी ‘‘घुसपैठियों” के शव ले जाए। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। नियंत्रण रेखा के पास थलसेना की ओर से घुसपैठ की कोशिश नाकाम करने के बाद हुई मुठभेड़ में रविवार को दो हथियारबंद पाकिस्तानी घुसपैठिये और तीन सैनिक मारे गए थे।



from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) https://ift.tt/2RoVsm2

No comments:

Post a Comment