Tuesday, October 30, 2018

दिल्ली : नंदनगरी में मामूली कहासुनी को लेकर पिता-बेटे पर फायरिंग में पिता की मौत

दिल्ली के नंदनगरी इलाके में सोमवार को मामूली बात पर एक युवक ने बाप-बेटे को गोली मार दी। जिसमें पिता की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल है। घटना नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली के नंदनगरी इलाके की है। नंदनगरी के बी-6 ब्लॉक निवासी रामचंद्र अपने घर के बाहर खड़े थे, इसी दौरान उनके पड़ोस में रहने वाला एक युवक सचिन अपनी बुलेट पर सवार होकर वहां से गुजरा।

बताया जा रहा है कि बुलेट रामचंद्र से टच हो गई। इस पर रामचंद्र ने आरोपी युवक को जमकर फटकार लगाई। इससे खफा आरोपी युवक अपने घर गया और वहां से अपने भाइयों को लेकर वापस आया। आरोप है कि इन लोगों ने रामचंद्र और उनके बेटे रवि को जमकर पीटा। इसके बाद उनपर फायरिंग कर दी।

एक गोली रामचंद्र को लगी, जबकि दो गोली रवि को लगीं। गोली लगने के बाद घायल बाप-बेटे को जीटीबी अस्पताल में एडमिट कराया गया। जहां डॉक्टरों ने पिता को मृत घोषित कर दिया। बेटे का अस्पताल में इलाज चल रहा है। चश्मदीदों से मिली जानकारी के बाद पुलिस आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई।

डीसीपी ने बताया कि मृतक रामचंद्र उर्फ टोनी का भी आपराधिक रेकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ 19 केस दर्ज हैं। कुछ समय पहले ही वह आगरा की जेल से छूटकर आया था। पुलिस को यह भी पता चला है कि टोनी और आरोपी सचिन के बीच पहले भी एक-दो बार झगड़ा हो चुका है और तब से दोनों परिवारों के बीच रंजिश चली आ रही थी। पुलिस इस पहलू से भी मामले की छानबीन कर रही है।



from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) https://ift.tt/2RofsoB

No comments:

Post a Comment