पटना साहिब लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा के मोहम्मद अली जिन्ना पर दिए बयान पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता माजिद मेमन ने बचाव किया है। मेमन ने रविवार को कहा कि मोहम्मद अली जिन्ना का आजादी की लड़ाई में बड़ा योगदान रहा है। जिन्ना मुस्लिम थे इस वजह से शत्रुघ्न सिन्हा के बयान पर विवाद हो रहा और उनको देशविरोधी कहा जा रहा है।
साथ ही उन्होंने इसपर भाजपा पर भी निशाना साधा। माजिद मेमन ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ये बात याद रखें कि कल तक शत्रुघ्न सिन्हा आपकी ही पार्टी में थे। अगर उन्होंने देशविरोधी बयान दिया है तो आपने वैसी उनको शिक्षा दी होगी।

आपको बता दें कि मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में शुक्रवार को कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ के लिए प्रचार करने पहुंचे शत्रुघ्न सिन्हा ने मोहम्मद अली जिन्ना की तारीफ करते हुए कहा,” कांग्रेस परिवार महात्मा गांधी से लेकर सरदार वल्लभ भाई पटेल, मो. अली जिन्ना से लेकर जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी से लेकर राजीव गांधी और राहुल गांधी, इनसे पहले सुभाषचंद्र बोस, इनकी पार्टी है। जिनका देश विकास, देश की तरक्की में, देश की आजादी में सबसे महत्वपूर्ण और सबसे बड़ा योगदान है।”
हालांकि बाद में शनिवार को उन्होंने अपने इस बयान पर सफाई भी दी। शत्रुघ्न सिन्हा ने अपने बचाव में कहा कि पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना का नाम उनके मुंह से गलती से निकल गया था, वह वास्तव में मौलाना अबुल कलाम आजाद का उल्लेख करना चाहते थे। बता दें कि जिन्ना संबंधी बयान पर शत्रुघ्न सिन्हा को भाजपा समेत अन्य दलों की कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा।
from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) http://bit.ly/2V2tGBO
No comments:
Post a Comment