नई दिल्ली : मोरी गेट स्थित खोया मंडी में शुक्रवार रात शराब के नशे में धुत दो युवकों ने खेल दिखाने की आड़ में एक युवक के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। चीख पुकार मचाते हुए पीड़ित युवक ने किसी तरह आग बुझाई और तड़पते हुए पूरी रात मंडी में ही गुजारनी पड़ी। इसमें पीड़ित का गुप्तांग, पूरा सीना और जांघें जल गई हैं। सुबह होने पर पीड़ित सोनिया विहार अपने भाई के पास मदद के लिए पहुंचा। भाई ने उसे तुरंत एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस को सूचना दी।
कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने पीड़ित अदालती सिंह (35) के बयान और उसकी मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धारा 308/34 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित अदालती सिंह के भाई अजय सिंह का आरोप है कि पुलिस ने मामला हल्की धाराओं में दर्ज किया है। उसके भाई की हालत नाजुक बनी हुई है। उसके गुप्तांग तक जला दिए गए हैं। आरोपियों ने उसके भाई को खेल-खेल में जान से मारने की कोशिश की है, मगर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के प्रयास के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक अदालती सिंह मूल रूप से कानपुर (यूपी) का रहने वाला है।
पिछले 15 साल से वह मोरी गेट में रमेश नाम के व्यक्ति के पास काम करता है। गत 26 अप्रैल की रात करीब साढ़े आठ बजे अदालती सिंह मंडी में ही एक लोहे की बैंच पर लेटा हुआ था। तभी मंडी में ही खोया की दुकान पर काम करने वाले गोपी और विवेक उसके पास आए। आरोप है कि दोनों शराब के नशे में धुत थे। विवेक ने अदालती सिंह को खेल दिखाने की बात करते हुए प्लास्टिक की बोतल में भरा पेट्रोल उसके अंडर वियर और सीने पर डाल दिया।
उससे पहले की अदालती कुछ समझ पाता गोपी ने माचिस की डिब्बी निकाली और अदालती के ऊपर फेंक दी। आग ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। उस वक्त मार्केट में मौजूद मजदूर लोग सो चुके थे। अदालती के चिल्लाने पर गोलू नाम का एक लड़का मदद के लिए आया। उसकी मदद से अदालती ने एक कंबल शरीर पर लपेटा और अपनी जान बचाई।
– वसीम सैफी
from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) http://bit.ly/2GEFWyz
No comments:
Post a Comment