Friday, March 1, 2019

टूटा 11 साल का रिकॉर्ड

देहरादून : उत्तराखंड में फरवरी के अंतिम सप्ताह में कड़ाके की ठंड, बर्फबारी व न्यूनतम तापमान ने पिछले 11 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। प्रदेश के 12 प्रमुख शहरों में से नौ शहरों का अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान निचले स्तर पर पहुंचने से मौसम विज्ञान केंद्र ने ‘कोल्ड-डे कंडीशन’ घोषित कर दिया।

जो शहर तीव्र सर्द दिन (कोल्ड डे कंडीशन) से प्रभावित रहे, वहां अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। कोल्ड डे कंडीशन से प्रभावित पांच शहर कुमाऊं मंडल, जबकि चार गढ़वाल मंडल से हैं। बारिश एवं बर्फबारी के सितम ने प्रदेश को इस कदर अपनी जद में ले रखा है कि प्रदेश के तीन जिलों का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे रहा।

तीन शहरों का न्यूनतम तापमान दो डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। विशेष बात यह है कि प्रदेश के पांच जिलों का अधिकतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। देहरादून में पिछले 24 घंटे में 11.2, टिहरी में 16 एवं मुक्तेश्वर में 14.4 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई।

इतना ही नहीं केदारनाथ एवं बदरीनाथ में इस सीजन का नौवां हिमपात हुआ, जबकि मसूरी एवं धनोल्टी ने पांचवीं बार बर्फ की चादर ओढ़ी। प्रदेश में केवल देहरादून, हरिद्वार एवं पंतनगर का अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले वर्ष 2008 मे फरवरी के दूसरे सप्ताह में तापमान इतना नीचे तक गिरा था।



from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) https://ift.tt/2IMTe0e

No comments:

Post a Comment