Sunday, September 2, 2018

भाजपा में नाम के चक्कर में हो रहा है संग्राम

नई दिल्ली : हिन्दी फिल्म का एक पुराना गाना है ‘नाम गुम जाएगा, चेहरा ये बदल जाएगा’ लेकिन इसके उलट दिल्ली प्रदेश भाजपा के ही दो नेताओं में नाम को लेकर ठन गई है। खास बात यह है कि इन दोनों के नाम के चक्कर में रोहिणी सेक्टर 18 में बुजुर्गों और बच्चों के लिए बनने वाला रिक्रिएशन सेन्टर भी पिसता नजर आ रहा है। जानकारी के अनुसार रोहिणी सेक्टर 18 के एच ब्लॉक में स्थानीय विधायक विजेंद्र गुप्ता ने बच्चों और बुजुर्गों के लिए एक रिक्रिएशन सेंटर बनाने का प्रस्ताव दिया था। इस प्रस्ताव पर उत्तरी दिल्ली नगर निगम के महापौर आदेश गुप्ता ने भी स्वीकृति की मुहर लगा दी। इसके लिए विधायक ने एमएलए लैड फंड से 14 लाख रुपए भी जारी करा दिए। इसके बाद रविवार को इसके शिलान्यास की तारीख भी तय हो गई।

लेकिन इससे पहले ही नगर निगम के उद्यान विभाग के उप निदेशक ने एनटीजी के आदेशों का हवाला देते हुए इसके निर्माण पर रोक लगाने के आदेश जारी कर दिये। चर्चा है कि विधायक जिस वार्ड में इस रिक्रिएशन सेन्टर का निर्माण कराना चाहते थे, उसके शिलान्यास के निमंत्रण पत्र पर वहां के स्थानीय पार्षद का ही नाम नहीं था। इससे नाराज पार्षद और पूर्व मेयर ने एनजीटी के आदेशों का सहारा लेते हुए निर्माण रोकने के आदेश जारी करा दिये। इस पर स्थानीय पार्षद और पूर्व मेयर प्रीति अग्रवाल का कहना है कि रिक्रिएशन के निर्माण या इसे रुकवाने से उनका कोई लेना देना नहीं है। उन्हें तो मीडिया के माध्यम से ही पता चला है कि एच ब्लॉक के समाधि वाले पार्क में निर्माण इसका किया जा रहा है। पूर्व मेयर की माने तो एनजीटी के नियम उनके कहने पर नहीं बनाए गए।

बढ़ रही ठंड, बेघरों को लेकर गंभीर नहीं सरकार: विजेंद्र गुप्ता

उनका कहना है कि मर्यादा और नियमों का ध्यान रखा जाए क्योंकि हमने प्रधानमंत्री जी से सीखा है की मर्यादाओं का किस तरह से पालन किया जाए। वहीं निमंत्रण पत्र पर नाम नहीं होने को लेकर उनका कहना है कि प्रोटोकॉल का पालन होना चाहिए। इस मामले पर स्थानीय विधायक विजेंद्र गुप्ता का कहना है कि उन्होंने सूरज पार्क के लोगों की मांग पर निर्माण कराने का प्रस्ताव दिया है, लेकिन इसका निर्माण समाधि वाले पार्क में होना है, यह कभी नहीं कहा। ऐसे में जिन अधिकारियों ने आदेश जारी किया है, उन्होंने बहकावे में आकर बड़ी गलती कर दी है। इसका खामियाजा उन्हें अपने सस्पेंशन से चुकाना होगा। वहीं पूर्व मेयर के निमंत्रण पर उनका कहना है कि उन्हें निमंत्रण दिया गया है और रविवार के शिलान्यास में वह जरूर आएंगी।



from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) https://ift.tt/2PSjLsB

No comments:

Post a Comment