Wednesday, August 29, 2018

आज से शुरू होगी बाढ़ प्रभावित केरल के कोच्चि एयरपोर्ट की सेवाएं

बाढ़ प्रभावित केरल के इंटरनेशनल एयरपोर्ट से विमानों की सेवाएं आज से बहाल कर दी जाएंगी। इस बीच निजी एयरलाइंस जेट एयरवेज और इंडिगो ने मंगलवार को कहा कि बाढ़ के कारण 14 अगस्त से बंद पड़े हवाई अड्डे की सेवाएं को 29 अगस्त से दोबारा शुरू करेंगे। देश के सबसे व्यस्ततम एयरपोर्ट में से एक कोच्चि एयरपोर्ट पर भारी बाढ़ के बाद 14 अगस्त से उड़ानों का परिचालन रद्द है। कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (सीआईएएलसीआईएएल) के एक प्रवक्ता ने कहा, “सीआईएएल 29 अगस्त के दोपहर दो बजे से पूरी तरह (अंतरराष्ट्रीय और घरेलू) परिचालन की शुरुआत के लिए तैयार है।”

उन्होंने कहा कि कोच्चि स्थित नौसैनिक हवाई अड्डे से असैनिक उड़ान सेवाओं का परिचालन 29 अगस्त के दोपहर बाद से निलंबित हो जाएगा। बता दें कि कोच्चि एयरपोर्ट देश के सात सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल है। आठ अगस्त से 22 अगस्त के बीच राज्य में आई भयंकर बाढ़ के कोच्चि एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया था। हालांकि यहां का काम कोच्चि के नौसेना हवाई अड्डे से चल रहा था। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने पहली बार 18 अगस्त तक एयरपोर्ट को बंद करने की घोषणा की थी।

जिसे बाद में बढ़ाकर 26 अगस्त किया गया, लेकिन हालात को देखकर यह तारीख 29 अगस्त कर दी गई। बाढ़ से तबाह हुए बुनियादी ढांचे को फिर से बनाने का काम पहले ही शुरू हो गया था। इसमें एयरपोर्ट की 2.6 किलोमीटर लंबी दीवार भी शामिल है जो पेरियार नदी में जलस्तर बढ़ने के चलते बह गई थी। केरल में विनाशकारी बाढ़ के एक पखवाड़े बाद भी 3.42 लाख से ज्यादा लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं। इस बाढ़ ने दक्षिण राज्य में तबाही मचाई है और 322 लोगों की जान ले ली है, वहीं हज़ारों को बेघर कर दिया है।



from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) https://ift.tt/2NtLSfZ

No comments:

Post a Comment