Sunday, September 2, 2018

पाकिस्तान को हरा भारत ने जीता कांस्य

जकार्ता : भारतीय हॉकी टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ हाल के दिनों में कायम अपने दबदबे को 18वें एशियाई खेलों के तीसरे स्थान के मैच में कायम रखते हुए शनिवार को इस चिर प्रतिद्वंद्वी को 2-1 से शिकस्त देकर कांस्य पदक हासिल किया। आकाशदीप सिंह ने मैच के तीसरे मिनट में ही मैदानी गोल दाग कर भारत को शानदार शुरूआत दिलायी। मैच के 50वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह के पेनल्टी कार्नर पर किये गोल से भारत ने 2-0 की बढ़त कर ली। इसके बाद मुहम्मद अतीक ने 52वें मिनट में पाकिस्तान के लिए मैच का पहला गोल कर भारतीय प्रशंसकों की धड़कने बढ़ा दी।

भारतीय टीम ने हालांकि इस मैच में वह गलतियां नहीं दोहरायी जो उन्होंने मलेशिया के खिलाफ सेमीफाइनल में किया था और अंतिम मिनटों मजबूत डिफेंस के बल पर टीम मैच को बचाने में कामयाब रही। विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर काबिज गतविजेता भारत को टूर्नामेंट का प्रबल दावेदार माना जा रहा था लेकिन सेमीफाइनल में मलेशिया से मिली हार के बाद उसे कांस्य पदक से संतोष करना पड़ेगा। भारत ने 13वीं रैंकिंग वाली पाक टीम को पिछले चार महीने में दूसरी बार हराया है। इससे पहले टीम ने जून में चैम्पियंस ट्राफी में उसे 4-0 से हराया था। मैच के शुरूआती क्षणों में कुछ मौके बनाने वाली भारतीय टीम को तीसरे मिनट में पहली सफलता मिला। ललित उपाध्याय के पास पर आकाशदीप ने पाक गोलकीपर बट्ट को छकाते हुए गोल में बदल दिया।

मलेशिया से हारकर हॉकी में भारत का सपना टूटा

पाकिस्तान ने पांचवें मिनट में लगभग गोल कर दिया था लेकिन अतीक का यह रिवर्स शॉट गोल पोस्ट से टकरा कर रूक गया। पाकिस्तान ने इसके लिए रेफरल लिया जिसमें देखा गया कि गेंद ने गोल लाइन को पार नहीं किया था। इसके बाद पहले क्वार्टर में भारतीय टीम पूरी तरह से पाकिस्तान पर हावी रही लेकिन टीम कोई गोल नहीं कर सकी। इस दौरान मनदीप एक आसान मौका चूक गये। पाकिस्तान दूसरे क्वार्टर में बेहतर टीम दिखी और उनके खिलाड़ी लगातार भारतीय खेमे में हमले कर रहे थे। इस बीच मुहम्मद दिलबीर और एजाज अहमद मौके बनाने के बाद गोल करने से चूक गये।



from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) https://ift.tt/2C8JTwv

No comments:

Post a Comment