Tuesday, February 26, 2019

अगस्ता वेस्टलैंड मामले में कोर्ट ने गौतम खेतान के खिलाफ जारी किया पेशी वारंट

दिल्ली की एक अदालत ने अगस्ता वेस्टलैंड मामले में मंगलवार को वकील गौतम खेतान के खिलाफ पेशी वारंट जारी किया। खेतान पर 3,600 करोड़ रुपये के वीवीआईपी अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर सौदे से जुड़े मामले में धन शोधन का आरोप है। विशेष न्यायाधीश अरविन्द कुमार ने पेशी वारंट जारी करते हुए इस मामले को नौ मई को सुनवाई के लिये सूचीबद्ध कर दिया।

प्रवर्तन निदेशालय ने अदालत को बताया कि इस मामले में कथित बिचौलिए गुइदो हस्के और कार्लो गेरोसा जैसे अन्य आरोपियों के संबंध में सूचनाओं के लिए केन्द्रीय गृह मंत्रालय की रिपोर्ट का इंतजार है। एजेंसी ने कहा, “इसमें वक्त लगेगा।” आरोपपत्र में नामित अन्य आरोपी अदालत में मौजूद थे। वे हैं… कथित बिचौलिया क्रिश्चियन मिशेल, राजीव सक्सेना और उनकी पत्नी शिवानी, भारतीय वायुसेना के पूर्व प्रमुख एस. पी. त्यागी और उनके तीन भाई।

Enforcement Directorate

खेतान को प्रवर्तन निदेशालय और सीबीआई ने अपनी जांच से जुड़े मामले में कुछ साल पहले गिरफ्तार किया था। बाद में उसे जमानत मिल गई थी। सीबीआई ने एक सितंबर, 2017 को एक आरोपपत्र दायर किया था जिसमें भारतीय वायुसेना के पूर्व प्रमुख त्यागी और ब्रिटिश नागरिक व कथित बिचौलिया मिशेल तथा अन्य को आरोपी बनाया गया था।

वीवीआईपी हेलीकॉप्टर सौदे में रिश्वतखोरी से जुड़े मामले के आरोपपत्र में आठ अन्य को भी नामित किया गया है। एक जनवरी, 2014 में भारत ने वायुसेना को 12 एडब्ल्यू-101 वीवीआईपी हेलीकॉप्टर मुहैया कराने का सौदा अगस्ता वेस्टलैंड के साथ रद्द कर दिया था।



from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) https://ift.tt/2ICVCXo

No comments:

Post a Comment