Tuesday, February 26, 2019

भाजपा ने एक ​भी वादा पूरा नहीं किया

सोनीपत : कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने कहा कि अगर भाजपा में दम है, तो वह अपने 2014 में किए गए चुनावी वादों पर फिर से चुनाव लड़ कर दिखाए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 152 वादे किए थे, लेकिन पूरा एक भी नहीं किया। अब चुनाव नजदीक देख फिर से जुमलेबाजी शुरू हो गई है। सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्‌डा यहां पुरखास गांव में आयोजित कबड्‌डी टूर्नामेंट में देर रात शिरकत करने पहुंचे थे। इस टूर्नामेंट में 33 टीमों ने हिस्सा लिया था। इसमें बहुअकबरपुर की टीम ने झमोला को हराकर टूर्नामेंट पर कब्जा किया।

इस मौके पर खिलाडियों का हौंसला बढ़ाते हुए सांसद ने कहा कि भाजपा में इतनी हिम्मत नहीं है कि वह पुराने चुनावी वादों को फिर से जनता के बीच लेकर जा सके। चूंकि देश की जनता ने देख लिया है कि यह सरकार केवल बयानबाजी और बांटने में विश्वास रखती है। सांसद ने कहा कि किसानों को छह हजार रूपये सम्मान निधि के नाम पर अब नया शिगूफा छोड़ा गया है। जबकि वादा स्वामीनाथन आयोग को ज्यों का त्यों लागू करने का था। लेकिन सरकार अपने वादे से मुकर गई।

उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश में महिलाओं के विरूद्ध होने वाले अपराधों में लगातार बढ़ौतरी हो रही है। हाल यह हो गया है कि कोई भी महिला घर से निकलने से कतराने लगी है। उन्होंने खेल का जिक्र करते हुए कहा कि पूर्व की हुड्‌डा सरकार के समय में खिलाडियों के लिए जो नीति बनी थी, उसकी वजह से नये खिलाडियों के लिए सौगात आई थी। लेकिन मौजूदा सरकार ने खेल में राजनीति शुरू कर दी है। उन्होंने लोगों से कहा कि अब चुनाव का समय नजदीक है और वह यह जांच परख कर ही वोट दें कि उनका भला कौन कर सकता है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा को बांटने वालों की नहीं, बल्कि आगे बढ़ाने वालों की जरूरत है। इस मौके पर उनके साथ प्रदीप सांगवान, सुरेंद्र दहिया, अर्जुन दहिया, भूपेंद्र मलिक, मनोज रिढाऊ, अनूप मलिक, अशोक नरवाल, संजय खत्री, जयदीप धनखड़, राकेश कैलाना आदि मौजूद रहे।



from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) https://ift.tt/2ThdR8Q

No comments:

Post a Comment