देहरादून/हल्द्वानी : भारतीय वायुसेना ने एलओसी पर जैश के आतंकी ठिकानों पर हमला कर कैंपों को तबाह करने की कार्रवाई से जहां पूरे देशवासियों में खुशी का माहौल है। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने भी सरकार के इस कदम का स्वागत करते हुए सराहनीय कदम बताया है। कांग्रेसियों का कहना है कि इस कार्रवाई को लेकर वो सरकार के साथ हैं, साथ ही कहा कि आतंकियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई जारी रखनी चाहिए। पीओके पर भारतीय वायुसेना के द्वारा कार्रवाई को लेकर कांग्रेसी भी उत्साह से लबरेज दिखाई दे रहे हैं, इसी के तहत नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने भारतीय सैनिक द्वारा की गई कार्रवाई की सराहना करते हुए बधाई दी है।
इंदिरा हृदयेश ने कहा कि पुलवामा हमले के बाद से पूरे भारत में पाकिस्तान के खिलाफ लोगों में आक्रोश था। ऐसे में भारतीय सेना द्वारा की गई ये कार्रवाई बहुत बड़ी कार्रवाई है, जिसकी जरूरत थी। इंदिरा हृदयेश ने भारतीय वायु सेना के पायलटों को सलाम करते हुए कहा कि भारतीय सेना के जज्बे से देश को गर्व है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. आरपी रतूड़ी ने कहा कि आज पूरा देश भारतीय सैनिकों पर गर्व महसूस कर रहा है।
पुलवामा के शहीदों की शहादत का बदला आज पूरा हो गया है। इस कदम के बाद देशवासियों में अपने सैनिकों के लिए फक्र महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी सरकार के साथ खड़ी है और सरकार के इस निर्णय का स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि हम पाकिस्तान को सबक सिखाने का काम बीते 1965 और 1971 में भी कर चुके हैं, लेकिन पाकिस्तान को अभी और सबक सिखाने की जरूरत है। जबतक पाकिस्तान के अंदर चल रहे आंतकी अड्डे पूरी तरह से तबाह नहीं होते तबतक भारत की संप्रभुता और अखंडता का खतरा बना रहेगा। भारत को ऐसी कार्रवाई जारी रखनी चाहिए।
from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) https://ift.tt/2BRcMdW
No comments:
Post a Comment