Tuesday, February 26, 2019

सड़क हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौत

पौड़ी : उत्तराखंड के पौड़ी जिले में तड़के एक जीप के खाई में गिर जाने से उसमें सवार एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मृत्यु हो गयी तथा पांच अन्य घायल हो गये। मरने वालों में एक महिला शामिल है। कोटद्वार-सतपुली मार्ग पर सुबह लगभग साढ़े चार बजे हुई दुर्घटना के वक्त जीप में कुल आठ व्यक्ति सवार थे।

कोटद्वार के पुलिस क्षेत्राधिकारी जे आर जोशी ने बताया कि कल रात दिल्ली से चली यह जीप भदालिखाल के निकट अनियन्त्रित होकर लगभग 200 मीटर नीचे गधेरे में जा गिरी, जिससे तीन व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने घायलों को बाहर निकाला और कोटद्वार स्थित बेस अस्पताल में भर्ती कराया।

दो घायलों की हालत गंभीर बतायी जा रही है। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर एस चौहान ने बताया कि गंभीर रूप से घायल होने वाले दो व्यक्तियों में से एक व्यक्ति की रीढ़ की हड्डी बुरी तरह टूट चुकी है और उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण ड्राइवर को नींद आ जाना बताया गया है।



from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) https://ift.tt/2Eda5DP

No comments:

Post a Comment