नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस मुख्यालय के पास मंगलवार तड़के एक तेज रफ्तार डंपर ने डीटीसी लो फ्लोर बस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में डंपर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में मौजूद एक महिला समेत 13 यात्री घायल हो गए। घायलों में सात लोगों को ज्यादा चोट आई हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक चालक सीट पर ही फंस गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने दमकल कर्मियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर को सीट काटकर बाहर निकाला। आईपी एस्टेट पुलिस ने मृतक चालक की पहचान हिमाचल प्रदेश निवासी करण सिंह (38) के रूप में की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद मृतक के परिजनों को सौंप दिया है। वहीं घायलों को एलएनजेपी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। पुलिस के मुताबिक डीटीसी बस चालक नरेंद्र रूट संख्या-740 (आनंद विहार से उत्तम नगर ) की बस को लेकर तड़के करीब सवा तीन बजे आनंद विहार से उत्तम नगर जा रहा था। बस में करीब 13 यात्री सवार थे। बस ने जैसे ही विकास मार्ग से आगे बढ़ते हुए आईटीओ की रेड लाइट पार की तभी रिंग रोड की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस डिवाइडर पर चढ़ी और रेलिंग से टकराते हुए पोल से टकरा गई। हादसे में पोल भी गिर गया। हादसे में बस में मौजूद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पीसीआर और कैट्स एंबुलेंस की गाड़ी मौके पर पहुंच गईं। हादसे में डंपर चालक करण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बस में मौजूद यात्री ममता सिंह (45), मुन्नी देवी (40), चांदनी(22), सीमा (44), रेशमा देवी (25), मीरा देवी (55), कन्हैया लाल (42), प्रदीप सिंह (56),जरीफ (30), सुलेमान अली (22),राजबीर सिंह (34), पान चिन्वर (38) बस चालक नरेंद्र सिंह घायल हो गए।
उन्हें अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में घायल राजबीर सिंह की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक करण के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। वह तंबाकू पदार्थ से भरा ट्रक लेकर दिल्ली आया था। माल उतारने के बाद वह कालेखां रिंग रोड से होते हुए राजघाट की ओर जा रहा था। तभी यह दर्दनाक हादसा पेश आया। पुलिस के मुताबिक करण का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि वह ट्रक चलाते वक्त नशे में था या नहीं।
from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) https://ift.tt/2Nwp6VF
No comments:
Post a Comment