जम्मू-कश्मीर के एक अंग्रेजी अखबार ‘राइजिंग कश्मीर’ के संपादक शुजात बुखारी की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा है कि हत्या की साजिश पाकिस्तान में रची गई। पुलिस के मुताबिक शुजात बुखारी के हत्यारों में चार आतंकी शामल थे जिसमें एक पाकिस्तान का है। कश्मीर के आईजीपी ने कहा कि हमारे पास पुख्ता सबूत हैं जिनसे साबित होता है कि हत्या की साजिश पाकिस्तान में रची गई और इसके पीछे आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का हाथ है। आईजीपी कश्मीर एसपी पाणी ने प्रेस वार्ता में चार आरोपियों की पहचान जाहिर करते हुए बताया कि चारों लश्कर के लड़ाके हैं। इससे पहले पत्रकार की हत्या के बाद सामने आई सीसीटीवी तस्वीरों में इनमें से तीन एक मोटरसाइकल पर सवार नजर आए थे।
चौथा आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार नावेद जट्ट है जो पहले भी आतंकी गतिविधियों में शामिल रहा है। आईजीपी ने कहा, ‘चार आरोपियों में से मास्टरमाइंड सज्जाद गुल श्रीनगर का है लेकिन इस वक्त पाकिस्तान में है। सज्जाद गुल इससे पहले नई दिल्ली और श्रीनगर में आतंकी गतिविधियों में पकड़ा गया था। 2017 में वह पाकिस्तान भाग गया और उसके लिए लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। सज्जाद ने ही हत्या से पहले सोशल मीडिया पर शेयर हो रहे ब्लॉग और पोस्ट तैयार किए थे।’ पुलिस के मुताबिक, ‘कुछ मेसेजेस के अलावा एक ट्विटर हैंडल भी लगातार एक जैसे मेसेज शेयर कर रहा था और जांच में पता चला है कि इन्हें पाकिस्तान से ऑपरेट किया जा रहा था।’
सज्जाद के अलावा अन्य आरोपियों में लश्कर आतंकी आजाद अहमद मलिक, मुजफ्फर अहमद और पुलिस कस्टडी से भागा नावेद जट्ट शामिल हैं। पुलिस इन चारों की तलाश कर रही है और इस दिशा में आगे की कार्रवाई करेगी। जुबैर नाम का एक अन्य संदिग्ध घटनास्थल के एक विडियो में दिखा था और इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। पुलिस का कहना है कि उसके पास से दो मोबाइल फोन और एक पिस्टल बरामद की गई है, साथ ही उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। दरअसल, अंग्रेजी अखबार ‘राइजिंग कश्मीर’ के संपादक शुजात बुखारी की 14 जून को प्रेस एंक्लेव स्थित उनके कार्यालय के बाहर तीन लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
हमले में बुखारी के दो निजी सुरक्षा अधिकारी भी मारे गए थे।शुजात बुखारी पर हमला उस वक्त हुआ जब वो इफ्तार के लिए अपने घर जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक आतंकियों ने शाम वक्त इसलिए चुना क्योंकि रमजान में इस वक्त ज्यादातर लोग इफ्तार के लिए घरों में होते हैं। इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद पुलिस ने हमलावरों की सीसीटीवी फुटेज जारी की थी जो मोटरसाइकिल पर सवार थे। एक हमलावर ने जहां हेल्मेट पहन रखा था तो एक अन्य ने मास्क पहन रखा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर निवासी एक ब्लॉगर की भी पहचान की गई है जो अब पाकिस्तान में रह रहा है। पिछले साल बुखारी के दुबई सम्मेलन में शामिल होने के बाद ब्लॉगर ने उनके खिलाफ एक घृणा अभियान की शुरुआत की थी।
The post संपादक शुजात बुखारी की हत्या मामले में J&K पुलिस का खुलासा, पाकिस्तान में रची गई थी साजिश appeared first on Punjab Kesari (पंजाब केसरी).
from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) https://ift.tt/2ySgmoX
No comments:
Post a Comment