केन्द्रीय मंत्री और लोकजन शक्ति पार्टी के नेता रामविलास पासवान ने बजट प्रावधानों का स्वागत करते हुए कहा है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने ऐसा छक्का मारा है कि विपक्षी दल गेंद ढूंढते रह जायेंगे। रामविलास पासवान ने कहा, ‘‘ सरकार ने ऐसा छक्का मारा है कि विपक्षी नेता चुनाव तक गेंद ही ढूंढते रह जायेंगे।’’
उन्होंने कहा कि यह दूसरी सर्जिकल स्ट्राइक है। पहली सर्जिकल स्ट्राइक जवानों ने सीमा पार ‘बुलेट’ से की है और यह दूसरी सर्जिकल स्ट्राइक है जो ‘बैलट’ से होगी। उन्होंने कहा कि आम चुनाव में राजग सरकार को 400 सीटें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि किसी ने सोचा था कि आयकर में छूट की सीमा 5 से 6 लाख हो जायेगी या किसानों को इस तरह की सौगात दी जायेगी।
बजट में आयकर छूट की सीमा बढ़कर पाँच लाख रुपये कर दी गयी है जिससे करीब तीन करोड़ करदाताओं को लाभ होने की उम्मीद है। मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़कर ने कहा कि इससे बजट से विपक्ष की बोलती बंद हो गयी है और यह बजट एक तरह से सर्जिकल स्ट्राइक साबित हुआ है।
इस बजट में गरीबों, किसानों और मजदूरों तथा मध्यम वर्ग को राहत दी गयी है और यह ऐतिहासिक बजट है। प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री जितेंद, सिंह ने कहा कि बजट में आर्थिक मोर्चे पर बड़ी घोषणायें की गयी हैं। किसानों और श्रमिकों को राहत दी गयी है जिसका व्यापक स्तर पर असर पड़ेगा। वेतनभोगी वर्ग को बहुत बड़ी राहत मिली है जिसका वे लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि इससे लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह मोदी सरकार का तरीका है जिसमें सभी का ध्यान रखा गया है।नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने कहा कि यह बजट किसानों और श्रमिकों के लिये हैं। किसानों को उनकी पहली किश्त इसी वित्त वर्ष में मिल जाएगी। इससे उन्हें राहत मिलेगी।
कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि बजट में किसानों का ध्यान रखा गया है। पहली बार किसानों के लिये सीधा लाभ देने की योजना लायी गयी है। इससे देश को नयी दिशा मिलेगी।
from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) http://bit.ly/2UxWPAi
No comments:
Post a Comment