Tuesday, March 3, 2020

मुंबई कमिश्नर परमबीर ने बर्वे का दूसरा फैसला पलटा

मुंबई नए पुलिस कमिश्नर ने पिछले चार दिन में पूर्व पुलिस कमिश्नर संजय बर्वे का दूसरा फैसला पलट दिया है। संजय बर्वे ने 12 पुलिस अधिकारियों को नोटिस दिया था कि क्यों न उनका एक साल का इंक्रीमेंट रोक दिया जाए। मंगलवार को परमबीर सिंह ने इस नोटिस पर रोक लगा दी है। इन अधिकारियों ने महाराष्ट्र एटीएस में ट्रांसफर करने के लिए पिछले साल डीजीपी सुबोध जायसवाल को अर्जी दी थी। जायसवाल ने इन सभी अधिकारियों का एटीएस ट्रांसफर का आदेश भी निकाल दिया था। संजय बर्वे इस बात से बेहद खफा थे कि इन 12 अधिकारियों ने उनके जरिए अप्लीकेशन न देकर सीधे डीजीपी से संपर्क किया। ये अधिकारी एटीएस न जा पाएं, इसके लिए संजय बर्वे ने इन्हें से रिलीव ही नहीं किया। कुछ को बाद में साइड पोस्टिंग पर भेज दिया। साथ ही इन अधिकारियों को नोटिस दिया कि उन पर ऐक्शन लेते हुए क्यों न उनका एक साल का इंक्रीमेंट रोक दिया जाए। जब यह मामला नए सीपी के संज्ञान में लाया गया, तो परमबीर सिंह को पूर्व सीपी का यह ऐक्शन बेहद सख्त लगा और उन्होंने उस पर स्टे लगा दिया। जिन 12 अधिकारियों ने एटीएस में ट्रांसफर की अर्जी दी थी, वे सब अतीत में वर्तमान एटीएस चीफ देवेन भारती के साथ तब काम कर चुके थे, जब भारती क्राइम ब्रांच में डीसीपी व अडिशनल सीपी थे और बाद में मुंबई के 93 पुलिस स्टेशनों के जॉइंट सीपी बने थे। इन 12 अधिकारियों में सीनियर इंस्पेक्टर नितिन अलकनुरे, दिनेश कदम,इंस्पेक्टर नंदकुमार गोपाले, सुधीर दलवी, संतोष भालेकर,लक्ष्मीकांत सालुंखे , दीप बने, विशाल गायकवाड और दीपाली कुलकर्णी के नाम प्रमुख हैं। संजय बर्वे ने अपने रिटायरमेंट के दो दिन पहले मुंबई में 25 अधिकारियों के ट्रांसफर कर दिए थे। शनिवार को कार्यभार संभालते ही परमबीर सिंह ने बर्वे के इस फैसले को भी पलट दिया था। ऐसा माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में सिंह पूर्व सीपी के कई और फैसलों का रिव्यू लेंगे और उन फैसलों को भी वह पलट सकते हैं।


from Metro City news in Hindi, Metro City Headlines, मेट्रो सिटी न्यूज https://ift.tt/2TiiqPk

No comments:

Post a Comment