देहरादून : जनवरी माह में उत्तराखंड का न्यूनतम तापमान पिछले 30 सालों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए काफी नीचे आ गया है। सूबे की राजधानी देहरादून की बात करें तो यहां का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं अधिकतम तापमान 21 डिग्री के आसपास चल रहा है। 30 और 31 जनवरी को एक बार फिर मौसम विभाग ने तापमान गिरने की चेतावनी दी है। जानकारी के अनुसार 30 साल बाद उत्तराखंड के ऊपर पश्चिमी और पूर्वी विक्षोभ एक साथ टकराए हैं, जिसके कारण प्रदेश में तापमान इस बार काफी नीचे चला गया है।
वहीं मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फरवरी माह के पहले सप्ताह तक प्रदेशवासियों को इसी तरह शीतलहर का सामना करना पड़ेगा। मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि 30 जनवरी से 31 जनवरी तक प्रदेश में एक बार फिर तापमान में अच्छी खासी गिरावट दर्ज की जाएगी। वहीं 2000 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी पूरी संभावना है। हिमालय में इस बार पहले के मुकाबले ज्यादा बर्फ पड़ी है, जिस कारण पूरे हिमालय के लगभग दस हजार ग्लेशियर पूरी तरह से रिचार्ज हो गये हैं।
इनमें से 3500 ग्लेशियर अकेले उत्तराखंड में ही मौजूद हैं। वहीं पहाड़ों की रानी मसूरी में भारी बर्फबारी के बाद पर्यटन व्यवसाय में वृद्वि होने से स्थानीय लोगों के साथ होटल व्यापारियों के चेहरे खिले हुए हैं। मसूरी और आसपास के क्षेत्र में पर्यटकों की भारी भीड़ होने से छोटे और बड़े व्यापारियों को काफी फायदा हुआ है। मसूरी के स्थानीय व्यापारी विक्की पुंडिर, ओपी उनियाल और सतीष ढौडियाल ने बताया कि 2014 के बाद इस साल काफी बर्फबारी हुई है, जिससे व्यापार के साथ पर्यावरण में भी काफी सुधार आया है।
from Punjab Kesari (पंजाब केसरी) http://bit.ly/2RpJpEz
No comments:
Post a Comment